रामायण महोत्सव में गूंजा भक्ति का स्वर, महंत राजू दास बोले—एक चौपाई से जीवन होता है सार्थक

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। श्री बालाजी ट्रस्ट सेवा समिति द्वारा नगर के हरिऔध कला भवन सभागार में आयोजित रामायण महोत्सव भक्ति और आध्यात्मिकता के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ एडीएम (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह, डॉ. विशाल जायसवाल, डॉ. अमित सिंह, कौशलेंद्र सिंह, विनीत सिंह रिशु, जनार्दन सिंह, शशि प्रकाश सिंह ‘मुन्ना’ एवं संतोष सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।मुख्य अतिथि के रूप में अयोध्या धाम हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि श्रीरामचरितमानस की एक चौपाई भी जीवन में उतार ली जाए तो जीवन सार्थक हो जाता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि बागेश्वर धाम सरकार का आगमन जल्द ही आजमगढ़ में हो सकता है।विशिष्ट अतिथि के रूप में शीतला धाम चौकिया के महंत विवेकानंद पंडा एवं शनि देव मंदिर दान शनिचरा के महंत पन्नालाल मिश्रा ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान किया।कार्यक्रम की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अमित संगीत महाविद्यालय के बच्चों ने रामायण आरती प्रस्तुत कर माहौल भक्तिमय बना दिया। वहीं राजू राज माही की टीम द्वारा ‘भरत चरित्र’ और ‘शबरी प्रसंग’ का भावपूर्ण मंचन किया गया। इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने ‘लव-कुश’ प्रसंग की सुंदर प्रस्तुति दी। गोरखपुर, मध्य प्रदेश, आजमगढ़ और मऊ से आए भजन गायकों ने अपनी मधुर प्रस्तुति से वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।संयोजक महंत उमेश दास ने कहा कि भगवान श्रीराम का आजमगढ़ से ऐतिहासिक संबंध रहा है। उन्होंने मां तमसा और सरयू का पूजन कर इस भूमि को पावन किया। उन्होंने मांग उठाई कि भगवान श्रीराम पर आधारित एक भव्य संग्रहालय आजमगढ़ में बनाया जाए, ताकि लोग उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सकें।कार्यक्रम के अंत में कलाकारों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं नरौली चौराहे पर शशि प्रकाश सिंह ‘मुन्ना’ के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने संतों का भव्य स्वागत किया।इस अवसर पर नितेश श्रीवास्तव, प्रदीप मद्धेशिया, भरत श्रीवास्तव, अरविंद शर्मा, मधुकर सरजू, विजय बहादुर यादव, गुड़िया खान, युवराज सिंह, आशीष मद्धेशिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *