आजमगढ़ लालगंज में मतदाता पंजीकरण अभियान का एसडीएम नेहा मिश्रा ने किया निरीक्षण, बीएलओ को दिए निर्देश

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। विधानसभा क्षेत्र 351-लालगंज में शनिवार को विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान दिवस के अवसर पर उपजिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ के कार्यों की समीक्षा की और नए मतदाताओं के पंजीकरण सहित मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार की प्रक्रिया की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान एसडीएम नेहा मिश्रा ने बूथ संख्या 150, 151, 152, 139, 140, 94, 95, 96, 219 और 220 का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर चल रहे विशेष अभियान के तहत नए मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाने तथा मतदाता सूची में संशोधन और अस्पष्ट फोटो के सुधार के लिए फॉर्म-8 भरवाने के कार्यों की समीक्षा की।अधिक संख्या में फॉर्म-8 भरे जाने वाले मतदेय स्थलों पर प्रपत्रों की जांच की गई। साथ ही बीएलओ रजिस्टर के माध्यम से भौतिक सत्यापन कर अभियान की प्रगति का आकलन किया गया।एसडीएम नेहा मिश्रा ने पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने और मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करने पर जोर दिया। विशेष अभियान के तहत सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहकर मतदाताओं की सहायता कर रहे थे।अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना और आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। निर्वाचन विभाग की ओर से नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और आवश्यकतानुसार पंजीकरण अथवा संशोधन कराने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *