



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद पुलिस ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी हत्या आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना रौनापार पुलिस ने यक्ष ऐप और फेस रिकग्निशन तकनीक की मदद से इस कार्रवाई को अंजाम दिया।जानकारी के अनुसार, आरोपी उदय पुत्र जसवंत निवासी गोरखपुर, हत्या के एक मामले में जिला कारागार आजमगढ़ में निरुद्ध था। दिनांक 12 दिसंबर 2025 को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल ले जाए जाने के दौरान वह बंदी रक्षकों को चकमा देकर फरार हो गया था। इस मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी।लगातार प्रयास के बावजूद गिरफ्तारी न होने पर 1 मई 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया। इसके बाद पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में विकसित यक्ष ऐप से मिले अलर्ट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की।थाना रौनापार पुलिस टीम ने 3 मई 2026 की सुबह करीब 8:15 बजे हैदराबाद बंधा चौराहा से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इस सफलता में थाना रौनापार पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
