



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 1 मई 2026 की सुबह की बताई जा रही है, जब जमीन हरखोरी धनछुला निवासी वादी सूर्यप्रकाश सिंह ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री सिप्पी सिंह (36 वर्ष) की ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर थाना अतरौलिया में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपियों पंकज सिंह (पति) और विनय सिंह (देवर) निवासी ग्राम रतुआपार को चिन्हित किया। पुलिस टीम ने 3 मई 2026 की सुबह करीब 7:50 बजे सिकन्दपुर तिराहा से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि महिला को संतान न होने की बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों का चालान कर न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
