सड़क दुर्घटना में कक्षा 9 के छात्र की मौत के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अतरौलिया क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में कक्षा 9 के छात्र की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को पकरडीहा गांव से सैकड़ों की संख्या में परिजन और ग्रामीण आंधी-पानी के बीच पैदल मार्च करते हुए अतरौलिया थाने पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।बताया जा रहा है कि पकरडीहा निवासी आनंद राजभर (14) की बीते बुधवार को गोरहरपुर के पास स्कूल जाते समय एक स्कूल बस की टक्कर से गंभीर चोट लगने के बाद मौत हो गई थी। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी चालक की गिरफ्तारी न होने से परिजन आक्रोशित हैं।मृतक के पिता फिरतू राजभर ने आरोप लगाया कि उनका परिवार बेहद गरीब है और उनका बेटा पढ़ाई में तेज था। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की जाए, परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आवास उपलब्ध कराया जाए।धरना दोपहर करीब एक बजे शुरू हुआ। सूचना पर उपजिलाधिकारी बुढ़नपुर अभय राज पांडे और क्षेत्राधिकारी कौस्तुभ त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।क्षेत्राधिकारी कौस्तुभ त्रिपाठी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। परिजनों की सभी मांगों को संज्ञान में लिया गया है तथा नियमानुसार जो संभव होगा, वह किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *