आजमगढ़ में ₹50 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलरियागंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹50,000 के इनामी गैंगस्टर अभियुक्त रब्बानी पुत्र फिरोज, निवासी अयूब नगर, बिलरियागंज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे सोमवार सियरहा अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया की रब्बानी अपने साथियों के साथ संगठित गिरोह बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। बिलरियागंज थाने में मोबाइल चोरी से संबंधित तीन मुकदमों में उसके गिरोह के सदस्यों के कब्जे से कुल छह चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। इन मामलों में आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका है।आपराधिक गतिविधियों के आधार पर रब्बानी और उसके साथियों के खिलाफ गैंग चार्ट का अनुमोदन 26 मई 2026 को किया गया था। इसके बाद बिलरियागंज थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस के अनुसार रब्बानी महाराष्ट्र/मुंबई से वापस आया था और एक्सप्रेस-वे के नीचे वाले रास्ते से कंधरापुर की ओर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने सियरहा अंडरपास के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर अभियुक्त ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर उसे पकड़ लिया। रब्बानी के खिलाफ चोरी, आबकारी अधिनियम, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल सात मुकदमे दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है। रब्बानी की गिरफ्तारी पर पहले 5 सितंबर को ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था। इसके बाद डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र के आदेश पर 16 सितंबर को इनाम की राशि बढ़ाकर ₹50,000 कर दी गई थी। यह कार्रवाई एसएसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में बिलरियागंज पुलिस टीम ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *