

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में ग्रामीणों के बैंक खातों से धोखाधड़ी कर धनराशि निकालने के मामले में साइबर सेल और थाना मेहनाजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15,630 रुपये नकद, 18 ATM/क्रेडिट कार्ड, 13 बैंक पासबुक, चार आधार कार्ड, लैपटॉप, माइक्रो ATM मशीन, बायोमेट्रिक मशीन, मोबाइल फोन और USB GPS रिसीवर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अनिल कुमार पुत्र सरभू राम, निवासी जमुनीपुर, थाना मेहनाजपुर, उम्र करीब 36 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी सहज जन सेवा केंद्र का संचालन करता था। उसके खिलाफ ग्रामीणों के बैंक खातों से धोखाधड़ी कर धनराशि निकालने की शिकायत साइबर सेल को मिली थी।जांच के दौरान साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की लोकेशन प्राप्त की। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने उसे उसके घर की ओर जाते समय पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी संख्या में बैंकिंग दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले।पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जनसेवा केंद्र के संचालन के दौरान वह ग्रामीणों से बैंक पासबुक, ATM कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज अपने पास रख लेता था। इसके बाद कथित तौर पर उनके बैंक खातों से धोखाधड़ीपूर्वक धनराशि ट्रांसफर या निकालता था।पुलिस को आरोपी के पास से ग्राम प्रधान ग्राम पंचायत चाकीडीह की मुहर, मुहर लगे तीन हस्ताक्षरित सादे कागज और एक कूटरचित प्रमाण पत्र भी मिला है। पुलिस इन दस्तावेजों के इस्तेमाल और संबंधित बैंक खातों व लेन-देन की विस्तृत जांच कर रही है।मामले में थाना मेहनाजपुर में मु0अ0सं0 83/2026, धारा 316(2), 336(3), 341(1), 317(2) BNS और धारा 66(C) IT Act के तहत मुकदमा दर्ज है। बरामद मोटरसाइकिल के कागजात प्रस्तुत न कर पाने पर वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
