आजमगढ़: खुद को पत्रकार बताकर दुकानदार से रंगदारी मांगने का आरोप, वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। फूलपुर थाना पुलिस ने दुकानदार से गाली-गलौज, धमकी देने और रंगदारी मांगने के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को पत्रकार बताकर दुकानदार पर मुफ्त सामान देने और हर महीने रुपये देने का दबाव बना रहा था।पुलिस के मुताबिक, चकनूरी निवासी प्रमोद मोदनवाल ने 26 जुलाई को थाना फूलपुर में तहरीर देकर बताया कि 25 जुलाई की रात करीब 10 बजे उनकी अंडे की दुकान पर ऊदपुर निवासी संतोष पुत्र रामआसरे आया। अंडे लेने के बाद जब उससे पैसे मांगे गए तो उसने स्वयं को पत्रकार बताते हुए गाली-गलौज की और धमकी दी कि यदि बिना पैसे अंडा नहीं दिया गया तथा हर महीने रुपये नहीं दिए गए तो दुकान नहीं चलने देगा और जान से मार देगा।तहरीर के आधार पर थाना फूलपुर में मु0अ0सं0 237/2026 के तहत धारा 308(5)/352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 28 जुलाई की रात महिला उपनिरीक्षक रानी साहू व पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त संतोष को ऊदपुर-दुल्हाघर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, धमकी, सरकारी कार्य में बाधा और रंगदारी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *