आजमगढ़ में एमआर टीकाकरण अभियान शुरू, सीएमओ डॉ. एन. आर. वर्मा ने बच्चों को टीका लगाकर किया शुभारंभ

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ में खसरा-रूबेला (एमआर) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने किया। अभियान की शुरुआत श्री गया सिंह प्राथमिक विद्यालय पांडेयबाजार, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दलसिंगार के निकट आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को टीका लगाकर की गई।इस दौरान कक्षा-2 के छात्र प्रियांशु और कक्षा-1 की छात्रा रिद्धि सहित कई बच्चों को खसरा-रूबेला का टीका लगाया गया। सीएमओ ने बताया कि यह अभियान 16 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक जनपद में चलाया जा रहा है। इसके तहत सरकारी व निजी विद्यालयों, मदरसों और अन्य शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 5 तक के 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा है। इसके लिए विद्यालयों और चिन्हित स्थानों पर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।सीएमओ ने निजी विद्यालयों की अपेक्षाकृत कम भागीदारी पर चिंता जताते हुए कहा कि यह अभियान बच्चों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग और अल्पसंख्यक विभाग से निजी विद्यालयों को अभियान में सक्रिय रूप से शामिल कराने की अपील की, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए।कार्यक्रम के दौरान सीएमओ ने बच्चों से संवाद कर यह भी सुनिश्चित किया कि उन्होंने टीकाकरण से पहले भोजन किया है। साथ ही अभिभावकों को टीके की सुरक्षा, उपयोगिता और महत्व के बारे में जानकारी दी गई।इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी व एडिशनल सीएमओ डॉ. अब्दुल अज़ीज़, एडिशनल सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय, यूनिसेफ-यूएनडीपी प्रतिनिधि गुफरान अहमद और पूनम शुक्ला सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।नोडल अधिकारी डॉ. अब्दुल अज़ीज़ ने बताया कि मदरसों में अवकाश को देखते हुए पहले ही विशेष सत्र आयोजित कर अधिकांश बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि वे बच्चों को निर्धारित तिथि और स्थान पर भेजकर इस अभियान को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *