
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में निजी अस्पतालों की व्यवस्थाओं और निर्धारित मानकों की जांच के लिए प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे औचक निरीक्षण अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के आदेश और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर की गई जांच में नव जीवन हॉस्पिटल एवं जच्चा-बच्चा केंद्र, रमसपुर (नहर), अहिरौला-कप्तानगंज रोड पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। शिकायत के आधार पर अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (OT) का निरीक्षण किया गया, जहां आवश्यक मानकों की कमी सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से OT को सील कर दिया। हालांकि पूरे अस्पताल को बंद नहीं किया गया है। अस्पताल संचालक को नोटिस जारी करते हुए निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कोई मरीज उपचाराधीन नहीं मिला। मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। इसी अभियान के तहत अहिरौला बाजार के पास नहर के निकट स्थित पंकज हॉस्पिटल का भी औचक निरीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि अस्पताल का पंजीकरण यूनानी पद्धति के अंतर्गत है। मौके पर एलोपैथिक दवाएं, उपकरण या एलोपैथिक उपचार होता हुआ नहीं पाया गया। अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर पंजीकरण की सीमा के बाहर किसी भी प्रकार का उपचार न करने की सख्त हिदायत दी गई है। यह संपूर्ण कार्रवाई डॉ. आलेन्द कुमार, डिप्टी सीएमओ एवं नोडल निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे और अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
