बहरीन में 18 दिन तक यातना झेलकर घर लौटा सौरभ, सुनाई रोंगटे खड़े कर देने वाली आपबीती

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

अहरौला में पुलिस ने घर पहुंचकर दर्ज किया बयान, 7200 बहरीनी दीनार जुर्माना भरने के बाद मिली रिहाई; तबीयत बिगड़ने से युवक बीमार

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। बहरीन में 18 दिनों तक हिरासत में रहने और कथित यातना झेलने के बाद सौरभ राय आखिरकार सकुशल अपने घर लौट आए। शनिवार को घर पहुंचते ही उन्होंने बहरीन में बिताए खौफनाक दिनों की आपबीती सुनाई। युवक की वापसी से परिवार ने राहत की सांस ली है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम भी उनके घर पहुंची और सौरभ का बयान दर्ज किया।सौरभ राय के मुताबिक, 29 अक्टूबर को बहरीन एयरपोर्ट पर उतरते ही सीमा शुल्क विभाग ने जांच के दौरान उनके पास से चुनौटी, तंबाकू और चूना बरामद होने पर उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान उनका मोबाइल फोन और बैग भी जब्त कर लिया गया। इसके बाद उन्हें बहरीन पुलिस और अपराध जांच विभाग के हवाले कर दिया गया, जहां उनसे लगातार पूछताछ की गई।16 डिग्री तापमान वाले कमरे में रखने का आरोपसौरभ ने आरोप लगाया कि हिरासत के दौरान उन्हें 16 डिग्री सेल्सियस तापमान पर चलने वाले एसी कमरे में 24 घंटे रखा जाता था। उन्हें केवल एक हल्की चादर दी जाती थी। लगातार इस तरह की परिस्थितियों में रहने के कारण उनकी हालत बिगड़ने लगी। उन्होंने बताया कि वहां अधिकारियों का व्यवहार भी बेहद सख्त था। उनके अनुसार, उन्हें भारतीय होने के कारण अपमानजनक बातें भी सुननी पड़ीं। सौरभ को एक समय ऐसा लगने लगा था कि शायद अब वह अपने परिवार के बीच वापस नहीं लौट पाएंगे।7200 बहरीनी दीनार देकर मिली रिहाईइधर, सौरभ की वापसी के लिए परिवार लगातार प्रयास कर रहा था। परिजनों ने बहरीन में परिचितों के माध्यम से अधिवक्ता की व्यवस्था की। सौरभ के मुताबिक, जुर्माना नहीं भरने की स्थिति में उन्हें 10 से 15 साल तक की सजा होने का विकल्प बताया गया था। आखिरकार परिवार की मदद से 7200 बहरीनी दीनार का जुर्माना भरकर उन्होंने रिहाई का रास्ता निकाला। 18 नवंबर को अदालत से रिहाई मिलने के बाद वह विमान से भारत लौटे और शनिवार को अपने घर पहुंचे।टाइफाइड और मलेरिया से बिगड़ी तबीयतसौरभ की परेशानी यहीं खत्म नहीं हुई। घर लौटने के बाद उनकी तबीयत खराब है। परिजनों के अनुसार, उन्हें टाइफाइड और मलेरिया हुआ है। साथ ही अब उनके बहरीन जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। सौरभ के भाई ऋषभ राय ने उनकी वापसी के लिए गृह विभाग और पुलिस अधीक्षक के माध्यम से लगातार संपर्क बनाए रखा था। 12 नवंबर को विदेश मंत्रालय से समन्वय स्थापित करने की मांग भी की गई थी।पुलिस ने दर्ज किया सौरभ का बयानसीओ बूढ़नपुर विजय सिंह गौर ने बताया कि बहरीन में लापता हुए युवक की सकुशल वापसी की जानकारी मिली है। संबंधित थाने से पुलिसकर्मियों को भेजकर पूरे मामले की जानकारी और युवक का बयान दर्ज कराया गया है। मामले से उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *