

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सरायमंदराज स्थित रेड रोज होटल में कमरा देने से मना करने पर शराब के नशे में हंगामा, गाली-गलौज और मारपीट करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को राजघाट, सरायमंदराज के पास से गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक, होटल संचालक आनंद सोनकर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे अंकित यादव उर्फ जोनी, पिन्टू यादव, मगानू यादव समेत अन्य लोग होटल पर चखना और कमरा मांगने पहुंचे थे। अधिक शराब पीने के कारण कमरा देने से मना करने पर आरोपियों ने होटल संचालक और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में मु0अ0सं0 525/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था।एसएसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिन्टू उर्फ धीरज कुमार यादव (35), निवासी मधनापार, बिलरियागंज और अरबिन्द उर्फ मगानू (29), निवासी चकभारी, सिधारी को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
