

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित नवोदय गर्ल्स हॉस्टल में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब छात्राओं ने खुद को हॉस्टल के अंदर बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्राओं की ओर से वार्डन और मेस रसोइया गुड्डू पर अभद्रता के आरोप लगाए गए और कार्रवाई की मांग की गई। हालांकि, प्रशासन के मुताबिक आज का विरोध प्रदर्शन मुख्य रूप से मेस में खाना बनाने वाली रसोइया सोनमती की बहाली की मांग को लेकर था।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम सगड़ी, एसडीएम लालगंज, सीओ सगड़ी और जीयनपुर कोतवाली पुलिस की टीम महिला पुलिसकर्मियों के साथ हॉस्टल पहुंची। अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे से अधिक समय तक छात्राएं हॉस्टल के अंदर रहीं।सोनमती की बहाली की मांग पर अड़ी थीं छात्राएंप्रशासन के अनुसार, छात्राओं की मुख्य मांग मेस में खाना बनाने वाली सोनमती की बहाली को लेकर थी। छात्राओं ने अपनी मांग पूरी होने तक विरोध जारी रखा। अधिकारियों ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी मांग पर कार्रवाई की जाएगी।एसडीएम सगड़ी ने बताया कि छात्राओं की मांग को स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने छात्राओं को अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर भी दिया, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की समस्या होने पर छात्राएं सीधे उनसे संपर्क कर सकें।पुराने छेड़छाड़ के मामले को लेकर भी सामने आई बातमामले के दौरान छात्राओं की ओर से छेड़छाड़ से संबंधित आरोपों की भी बात सामने आई। इस पर एसडीएम लालगंज ने स्पष्ट किया कि छेड़छाड़ से संबंधित मामला पुराना है और बुधवार को हुए विरोध प्रदर्शन से उसका कोई संबंध नहीं है।प्रशासन के मुताबिक, आज का पूरा घटनाक्रम सिर्फ मेस रसोइया सोनमती की बहाली की मांग को लेकर हुआ था, जिसे मान लिया गया है।समझाइश के बाद हॉस्टल से बाहर आईं छात्राएंअधिकारियों की समझाइश और मांग माने जाने के बाद छात्राएं हॉस्टल से बाहर आ गईं। एसडीएम ने छात्राओं के साथ दोपहर का भोजन करने की बात भी कही, ताकि उनके बीच भरोसे का माहौल कायम हो सके।फिलहाल हॉस्टल में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।
