






गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रांगण में आजादी के अमृत महोत्सव एवं 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक श्री राजेन्द्र प्रसाद यादव, निदेशिका श्रीमती कंचन यादव, मुख्य अतिथि श्री अजेन्द्र राय, विशिष्ट अतिथि श्री पुनीत राय एवं प्रधानाचार्या सुकांशा अवस्थी ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया।ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान, वंदे मातरम्, झंडा गीत, ‘मां से है माटी’ तथा ‘जहां डाल-डाल पर चिड़ियां करती हैं बसेरा’ जैसे देशभक्ति गीत छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए। इसके साथ ही ‘मेरे देश की धरती’ और ‘जागा हिन्दुस्तान’ जैसे देशभक्ति गीतों पर समूह नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री राजेन्द्र प्रसाद यादव ने श्री अजेन्द्र राय एवं श्री पुनीत राय को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।इस अवसर पर संस्था के संस्थापक एवं प्रबंधक श्री राजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि देश सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। विद्यार्थियों को शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए देश सेवा के प्रति समर्पित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी के समर्पण से ही समाज और देश को समृद्ध एवं मजबूत बनाया जा सकता है।विद्यालय की निदेशिका श्रीमती कंचन यादव ने कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और संस्कार मिलें तो वे देश के सच्चे सिपाही बनकर भविष्य में राष्ट्र की सेवा के लिए तैयार होंगे।प्रधानाचार्या सुकांशा अवस्थी ने कहा कि भावी नागरिकों को आत्मनिष्ठ मानसिकता का त्याग कर वस्तुनिष्ठ एवं सकारात्मक सोच विकसित करनी चाहिए। विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों के कुशल निर्देशन का लाभ उठाते हुए राष्ट्रहित में त्याग और समर्पण की भावना को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी को मिष्ठान वितरित किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल देखने को मिला।
