जीडी ग्लोबल स्कूल में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति प्रस्तुतियों से गूंजा विद्यालय परिसर

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जीडी ग्लोबल विद्यालय, करतालपुर बाईपास, आजमगढ़ में देश की स्वतंत्रता के गौरवपूर्ण पर्व 80वें स्वतंत्रता दिवस को हर्षोल्लास, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में तिरंगे की आन, बान और शान के बीच देशप्रेम का अनुपम वातावरण देखने को मिला।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, ध्वजारोहण, वंदेमातरम् एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। समारोह में विद्यार्थियों ने वाद्य-यंत्र प्रस्तुति, हिंदी एवं अंग्रेजी भाषण, काव्य-पाठ, देशभक्ति गीत तथा विभिन्न आयु-वर्गों की नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और सृजनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष उत्साह और उमंग का संचार किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियों में देशप्रेम की निश्छल अभिव्यक्ति दिखाई दी, वहीं वरिष्ठ विद्यार्थियों ने राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और गौरव की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यालय की गौ-सेवा सहभागिता की पहल भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। विद्यालय के प्रत्येक विद्यार्थी ने अपने घर से दो रोटियां गौ-सेवा के लिए लाकर इस पुनीत कार्य में सहभागिता की। शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय के प्रबंध-तंत्र ने भी रोटियां लाकर सेवा-भाव को आगे बढ़ाया। एकत्रित रोटियां विभिन्न गौशालाओं में भेजी जाती हैं, जहां उन्हें गौ-सेवा में समर्पित किया जाता है। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, करुणा, संवेदना एवं जीव-जगत के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।विद्यालय की निदेशिका श्रीमती स्वाति अग्रवाल ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान से अर्जित अमूल्य धरोहर है और आज के विद्यार्थी ही कल के भारत के निर्माता हैं।प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि सच्चा देशप्रेम केवल राष्ट्रीय पर्वों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि हमारे विचारों, व्यवहार और कर्मों में निरंतर दिखाई देना चाहिए। समाज और जीव-जगत के प्रति संवेदनशील बनना ही स्वतंत्रता का वास्तविक सम्मान है।कार्यकारी निदेशक श्री श्रीष अग्रवाल ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम, सेवाभाव और कर्तव्यबोध को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र का निर्माण प्रत्येक नागरिक के अनुशासन, परिश्रम, ईमानदारी और उत्तरदायित्व से होता है।प्रधानाचार्या श्रीमती दीपाली भुस्कूटे ने विद्यार्थियों को ज्ञान, एकता और मजबूत चरित्र को जीवन का आधार बनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से भारत की स्वतंत्रता, गरिमा और उज्ज्वल भविष्य के योग्य जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ वरिष्ठ समन्वयक श्री जी.के. त्रिपाठी एवं श्रीमती सुमन यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *