बेलईसा में बिना नोटिस मकान पर चला बुलडोजर, सेतु निगम पर मनमानी का आरोप, हंगामे के बाद टीम लौटी

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ शहर से सटे बेलईसा रेलवे ओवर ब्रिज के पास सेतु निगम की ओर से नए ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। इसी दौरान सेतु निगम के अधिकारियों पर बिना नोटिस दिए मकान पर जेसीबी चलाकर तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है।बताया जा रहा है कि पहले से मौजूद ओवर ब्रिज के बगल में स्थित मकान पर अचानक जेसीबी से तोड़फोड़ शुरू कर दी गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मकान मालिकों और स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद सेतु निगम की टीम वापस लौट गई।पीड़ित रामविलास साहू ने बताया कि उनका करीब डेढ़ सौ साल पुराना मकान है और वह आबादी की जमीन पर बना है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी नोटिस या सूचना के सीधे जेसीबी चलाकर मकान को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि कार्रवाई के दौरान न तो प्रशासन और न ही पुलिस मौके पर मौजूद थी। विरोध होने पर सेतु निगम के अधिकारी जेसीबी लेकर वहां से चले गए, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।वहीं, भागवत प्रसाद तिवारी ने भी कहा कि उन्हें भी किसी प्रकार की नोटिस नहीं दी गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें पुल निर्माण से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन पहले जमीन का मुआवजा तय किया जाए और उसके बाद ही मकान तोड़ा जाए।घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे उचित मुआवजा तथा कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *