
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र के बड़हरडीह गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब छोटी सरयू नदी के पुल के नीचे आधा दर्जन गोवंशों के कटे सिर मिलने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार करीब साढ़े तीन बजे कुछ चरवाहे छोटी सरयू नदी की ओर गए थे। इसी दौरान पुल के नीचे उन्हें गोवंशों के कटे सिर पड़े दिखाई दिए। चरवाहों ने इसकी सूचना गांव के लोगों को दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और नाराजगी जताने लगे। स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल महराजगंज थाना पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अवशेषों को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ भी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
