मानकों के उल्लंघन पर माँ कमला जी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल सील

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के तहबरपुर क्षेत्र अंतर्गत अल्लीपुर बाजार स्थित माँ कमला जी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों एवं निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के आधार पर प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है। निरीक्षण में यह पाया गया कि अस्पताल द्वारा शासन द्वारा निर्धारित अनेक अनिवार्य मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। साथ ही यह भी शिकायत प्राप्त हुई कि अस्पताल में प्रशिक्षित एवं मान्यता प्राप्त चिकित्सकों के स्थान पर अपात्र व्यक्तियों द्वारा उपचार किया जा रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के आदेश एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ /नोडल अधिकारी (निजी चिकित्सालय प्रतिष्ठान) डॉ. आलेन्द्र कुमार द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की गई। जांच में अनियमितताएं प्रमाणित पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से उक्त चिकित्सालय को सील कर दिया गया। साथ ही अस्पताल संचालक को निर्देशित किया गया है कि वह समस्त अभिलेखों के साथ तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध एवं मानक विहीन चिकित्सालयों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *