आजमगढ़ बस चालक-परिचालक पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, लोहे की रॉड बरामद

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में रोडवेज बस चालक और परिचालक पर जानलेवा हमला करने तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की है।पुलिस के अनुसार, हरदोई जनपद के ग्राम बेहटा गोकुल निवासी दीपक दीक्षित ने थाना बरदह में तहरीर देकर बताया था कि वह 1 फरवरी 2026 को बस संख्या UP78 KN xxxx पर परिचालक के रूप में प्रयागराज से गोरखपुर जा रहे थे। इसी दौरान बरदह क्षेत्र के भीरा के पास कुछ लोगों ने बस को जबरन रुकवा लिया। आरोप है कि हमलावरों ने चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए बस का शीशा तोड़ दिया और चालक को बस से नीचे उतारकर मारपीट की।परिचालक दीपक दीक्षित जब बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने उनके बैग से करीब 10 हजार रुपये नकद और मार्ग पत्र छीन लिया। साथ ही लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया, जिससे वह किसी तरह जान बचाकर मौके से छिप गए।इस मामले में थाना बरदह पर मुकदमा संख्या 36/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों विनय कुमार सरोज निवासी परसौली थाना बरदह तथा इन्द्रसेन राजभर निवासी रफीपुर थाना शाहगंज जनपद जौनपुर की पहचान की।पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 3 फरवरी 2026 को जौतीपुर मोड़ से सुबह करीब 5:30 बजे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद पटेल, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार यादव और कांस्टेबल पंकज यादव शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *