आजमगढ़ में चोरी के गहने खरीदने वाले दो सोनार गिरफ्तार, 4 चांदी की पायल बरामद

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले में ज्वेलरी की दुकानों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। गिरोह के पांच सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद अब चोरी के आभूषण खरीदने वाले दो सोनारों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। निजामाबाद थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार चांदी की पायल बरामद की हैं। पुलिस अब चोरी के आभूषणों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।पुलिस के अनुसार, 24 और 25 सितंबर 2026 की रात निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौक स्थित ओम ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए थे। इस मामले में निजामाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरी की घटना के खुलासे में जुटी थी।इसी क्रम में 16 अक्टूबर को आजमगढ़ पुलिस ने तरवां और निजामाबाद थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से करीब 9.3 किलोग्राम चांदी के आभूषण, अवैध असलहे और कारतूस, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण तथा चोरी के आभूषण बेचकर मिले पैसों से खरीदी गई बिना नंबर प्लेट की अर्टिगा कार बरामद की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान चोरी के आभूषण खरीदने वाले सोनारों के नाम सामने आए थे।मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारीवरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 17 अक्टूबर को निरीक्षक जयप्रकाश यादव और उपनिरीक्षक चिरांशु मिश्रा की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के आभूषण खरीदने वाले दोनों सोनार मोहम्मदपुर नहर पुलिया के पास मौजूद हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की चार चांदी की पायल बरामद हुईं।मिर्जापुर और प्रयागराज के निवासी हैं आरोपीगिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम प्रकाश खत्री (46 वर्ष), निवासी धुंधी कटरा, थाना कोतवाली शहर, जनपद मिर्जापुर तथा आशीष सोनी (27 वर्ष), निवासी कोरांव, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को 17 अक्टूबर को सुबह करीब 11:10 बजे हिरासत में लिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पूछताछ में सामने आया चोरी के गहनों की खरीद का मामलापुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सुनील पुत्र छोटक, निवासी तेंदुआ खुर्द, थाना लालगंज, जनपद मिर्जापुर उनके यहां चोरी के आभूषण बेचता था। करीब 15 दिन पहले भी उसने चोरी के गहने बेचे थे और वाहन खरीदने के नाम पर अग्रिम धनराशि ली थी। शेष आभूषण देने के लिए दोनों को आजमगढ़ बुलाया गया था, लेकिन यहां पहुंचने पर उन्हें जानकारी हुई कि सुनील जेल जा चुका है।पुलिस अब चोरी के आभूषणों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य तथ्यों और इसमें शामिल संभावित लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।इस मामले में थाना निजामाबाद में दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए), 331(4), 317(2) और 317(4) के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक जयप्रकाश यादव, उपनिरीक्षक चिरांशु मिश्रा, कांस्टेबल रवि मौर्य, शाश्वत त्रिपाठी और अभिषेक सिंह शामिल रहे।आजमगढ़ पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं का खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *