

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जिले के तहबरपुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। ओहनी गांव के पास स्टोन नंबर 216.2 पर तेज रफ्तार स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि महिला और दो बच्चों समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार सवार परिवार मऊ जिले का रहने वाला था और दिल्ली से अपने घर लौट रहा था। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।बताया जा रहा है कि मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी 52 वर्षीय सादाब दिल्ली में सिविल इंजीनियर थे। वह दिल्ली के जामिया नगर स्थित हाजी कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते थे। रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए सादाब अपने परिवार के साथ कार से दिल्ली से पैतृक गांव लौट रहे थे।कार में सादाब के अलावा उनके 83 वर्षीय पिता खुर्शीद अहमद, 45 वर्षीय पत्नी आसमां बानो, 15 वर्षीय बेटी मायरा और 9 वर्षीय बेटा अदनान अहमद सवार थे। कार सादाब चला रहे थे।इसी दौरान आजमगढ़ जिले के तहबरपुर थाना क्षेत्र के ओहनी गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर स्टोन नंबर 216.2 के समीप प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को नींद आने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और दाहिनी ओर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कार पहले दाहिनी ओर डिवाइडर से टकराती है और फिर उसी लेन में बाईं तरफ जाकर पलट जाती है।हादसे की सूचना मिलने पर यूपीडा की बचाव टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सादाब और उनके पिता खुर्शीद अहमद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आसमां बानो, मायरा और अदनान अहमद को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नौ वर्षीय अदनान की हालत सामान्य बताई जा रही है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
