आजमगढ़ कोतवाली में परिवार विवाद निवारण क्लिनिक का शुभारंभ, काउंसलिंग से सुलझेंगे पारिवारिक विवाद मिशन

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

शक्ति 6.0 के तहत पुलिस की पहल, 15 पारिवारिक विवादों का सफल निस्तारण कराने वाले परिवारों से लिया गया फीडबैक, चार परामर्शदाता सम्मानित

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता आजमगढ़। महिलाओं की सुरक्षा, पारिवारिक विवादों के समाधान और परिवारों में आपसी सामंजस्य स्थापित करने के उद्देश्य से आजमगढ़ पुलिस ने मिशन शक्ति 6.0 के तहत एक महत्वपूर्ण पहल की है। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को थाना कोतवाली परिसर में परिवार विवाद निवारण क्लिनिक का शुभारंभ किया गया। इस क्लिनिक के माध्यम से पति-पत्नी के बीच मतभेद, महिला उत्पीड़न और अन्य पारिवारिक समस्याओं का काउंसलिंग के जरिए समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक एवं पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव ने किया। यह पहल अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में शुरू की गई है।परिवार विवाद निवारण क्लिनिक का मुख्य उद्देश्य पारिवारिक समस्याओं को शुरुआती स्तर पर ही समझकर उनका प्रभावी समाधान कराना है। इसके माध्यम से संबंधित पक्षों की समस्याएं सुनकर परामर्श दिया जाएगा, ताकि परिवारों के बीच आपसी समझ, विश्वास और सौहार्द को बढ़ावा मिल सके।इस अवसर पर क्लिनिक के माध्यम से पूर्व में सफलतापूर्वक निस्तारित कराए गए 15 पारिवारिक विवादों से संबंधित जोड़ों और उनके परिजनों को आमंत्रित किया गया। उनसे समाधान की प्रक्रिया को लेकर फीडबैक लिया गया तथा सफल निस्तारण के लिए उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया गया।वहीं, परिवार विवाद निवारण क्लिनिक में परामर्श देने वाले चार परामर्शदाताओं प्रोफेसर राकेश यादव, सुधांशु श्रीवास्तव, रानू सिंह और डॉ. राजेश कुमार को उनके सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, परिवार प्रकोष्ठ प्रभारी महेंद्र प्रसाद तिवारी, महिला उपनिरीक्षक पूनम विश्वकर्मा, उपनिरीक्षक गुरु ज्ञान चंद्र पटेल, आशीष शुक्ला, सत्यनारायण यादव, महिला आरक्षी नेहा सिंह और आरक्षी सर्वेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।आजमगढ़ पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा को मजबूत करने, पारिवारिक विवादों का प्रभावी समाधान कराने और समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। परिवार विवाद निवारण क्लिनिक की शुरुआत को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *