

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत सिधारी पुलिस ने एक युवक पर कार्रवाई की है। पुलिस ने इंस्टाग्राम पर गैंग के नाम से वीडियो पोस्ट करने वाले युवक को चिन्हित कर उसके अभिभावकों की मौजूदगी में काउंसलिंग की और बीएनएसएस की धाराओं के तहत चालान किया।पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान “sr_mahatma_ji_0009_10k” नाम की इंस्टाग्राम आईडी से कुछ युवकों द्वारा गैंग बनाकर क्षेत्र में घूमते हुए वीडियो पोस्ट किए जा रहे थे। जांच में गैंग के लीडर के रूप में प्रिंस कुमार (19 वर्ष), निवासी बभनौली अड़ाई, थाना सिधारी की पहचान हुई।थाना सिधारी में युवक को उसके अभिभावकों के साथ बुलाकर कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग को लेकर विस्तृत काउंसलिंग की गई। पुलिस ने भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी भी दी।इसके बाद युवक के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170/126/135 के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए चालान किया गया।आजमगढ़ पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, हथियारों का प्रदर्शन या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि में शामिल पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
