

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर बुजुर्ग और उसके बेटे पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठी और एक लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को टेल्हुआ चकवली गांव निवासी मालती देवी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि जमीनी विवाद के चलते विपक्षी पक्ष ने उनके 75 वर्षीय पति गरीब यादव और 35 वर्षीय पुत्र रामअशीष यादव पर लाठी, लोहे की रॉड व अन्य हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 15 जुलाई की रात करीब 1:05 बजे थाना जहानागंज पुलिस ने केदारनाथ यादव, रामअधार यादव, सर्वेश उर्फ फिरींगी, अनिल उर्फ रामविलास और अवधेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर दो लाठी और एक लोहे की रॉड बरामद की गई।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।
