आजमगढ़ में जेम पोर्टल पर शासकीय क्रय को लेकर बृहद प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में जेम (GEM) पोर्टल के माध्यम से शासकीय क्रय को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से क्रेता विभागों के अधिकारियों के लिए एक बृहद प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में आयुक्त एवं निदेशक उद्योग, राज्य जेम प्रकोष्ठ, लखनऊ द्वारा नामित श्री अंकित शुक्ला (जेम विशेषज्ञ) ने जेम पोर्टल से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यशाला के दौरान जेम पोर्टल पर विभागों द्वारा की जाने वाली निविदा एवं क्रय प्रक्रिया, पोर्टल के उपयोग में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं, तथा उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का भी जेम विशेषज्ञ द्वारा समाधान किया गया।कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी आजमगढ़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने जेम पोर्टल की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इसे पारदर्शी, त्वरित एवं प्रभावी शासकीय क्रय का सशक्त माध्यम बताया तथा आशा व्यक्त की कि यह प्रशिक्षण कार्यशाला शासकीय क्रय में आ रही समस्याओं के समाधान में सहायक सिद्ध होगी। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी के अतिरिक्त जिला सेवायोजन, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जल निगम, जिला कोषागार, अभियोजन, चकबन्दी, ग्राम्य विकास, कृषि, विद्युत, गन्ना विकास, उद्यान, शिक्षा, जिला पूर्ति, राज्यकर, सूचना, खादी ग्रामोद्योग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यशाला के समापन पर उपायुक्त उद्योग, आजमगढ़ ने सभी विभागों से जेम पोर्टल के माध्यम से शासकीय क्रय करने एवं कार्यशाला में बताए गए बिंदुओं के अनुपालन का आह्वान किया। अंत में प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला के समापन की घोषणा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *