




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में दो सगी नाबालिग बहनों से दुष्कर्म के आरोप में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।पुलिस के मुताबिक 5 जून को पीड़िताओं की मां की तहरीर पर गम्भीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि गांव निवासी मो. जाहिद उर्फ रुस्तम ने दोनों नाबालिग बहनों को बहला-फुसलाकर अपने ट्यूबवेल के कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया तथा घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से अपने घर की ओर जा रहा है। जहांनिया मोड़ के पास पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी भागने लगा और फिसलकर गिर गया। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी।पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बाद जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. जाहिद उर्फ रुस्तम (45 वर्ष) निवासी गम्भीरपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और पुलिस पर हमला करने सहित अन्य धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिला एवं बाल अपराध के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
