अटल आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा को लेकर मंडलायुक्त सख्त, बोले- परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता से नहीं होगा कोई समझौता

आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 31 जनवरी 2027 को आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा मंगलवार को मंडलायुक्त विवेक ने अपने कार्यालय सभागार में की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि किसी भी दशा में परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं और व्यवस्थाओं का लगातार जायजा लिया जाता रहे, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा के लिए बनाए जाने वाले केंद्रों का पहले से निरीक्षण कर लिया जाए और यदि कहीं कोई कमी मिले तो उसे समय रहते दूर कराया जाए।बैठक में मंडलायुक्त ने उप श्रमायुक्त राजीव कुमार सिंह एवं सहायक श्रमायुक्त पवन कुमार को निर्देशित किया कि दोनों अधिकारी सप्ताह में कम से कम एक बार अलग-अलग दिनों में स्वयं अटल आवासीय विद्यालय का भ्रमण करें। इस दौरान विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जांच करें।बैठक में उप श्रमायुक्त राजीव कुमार सिंह ने जानकारी दी कि शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में 140 तथा कक्षा 9 में 9 छात्र-छात्राओं का प्रवेश लिया जाना है। प्रवेश परीक्षा मंडल के तीनों जनपदों में चयनित परीक्षा केंद्रों पर 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी। उत्तर पुस्तिकाओं की जांच सहित अन्य प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद 25 फरवरी 2027 को परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा।उन्होंने आवेदन पत्र प्राप्त करने, प्रवेश पत्र जारी करने तथा नामित नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। इस प्रवेश परीक्षा के लिए उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चे तथा कोरोना काल में श्रमिकों के अनाथ हुए बच्चे आवेदन के पात्र हैं।बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, मुख्य कोषाधिकारी अनुराग कुमार श्रीवास्तव, बीएसए राजीव पाठक, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह सहित बलिया एवं मऊ के श्रम प्रवर्तन अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *