बन्धुआ श्रम उन्मूलन अभियान में बड़ी सफलता, आजमगढ़ में ईंट भट्ठे से 12 श्रमिक मुक्त

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। बन्धुआ श्रम एवं बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 बन्धुआ श्रमिकों को मुक्त कराया है। यह कार्रवाई थाना अहरौला क्षेत्र स्थित एमएस ए*एस ईंट भट्ठा उद्योग, चौफाला शम्साबाद में की गई।निदेशक, मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के नेतृत्व में, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी थाना एएचटी के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। प्राप्त सूचना के आधार पर थाना एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी कर बन्धुआ श्रम में कार्यरत श्रमिकों को अवमुक्त कराया।कार्रवाई के दौरान भट्ठा मालिक से श्रमिकों को उनकी उचित मजदूरी एवं किराया दिलवाया गया। मुक्त कराए गए सभी श्रमिकों को सुरक्षित साधनों से उनके गृह जनपद विलासपुर, छत्तीसगढ़ भेजने की व्यवस्था भी की गई। मामले में संबंधित भट्ठा मालिक के विरुद्ध श्रम विभाग द्वारा नियमानुसार विधिक कार्यवाही की गई है।इसके साथ ही संयुक्त टीम द्वारा आसपास के बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर बाल श्रम और बन्धुआ श्रम के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाया गया। मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट-ढाबों, बेकरी, ऑटोमोबाइल दुकानों, गैराज आदि स्थानों पर जागरूकता पोस्टर चस्पा किए गए और शासन द्वारा जारी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 108, 112, 1090, 1930, 1098, 1076 व 181 की जानकारी आमजन को दी गई।अभियान में थाना एएचटी के प्रभारी निरीक्षक अभयराज मिश्र, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी रोहित प्रताप सिंह व नजरे आलम सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस एवं श्रम विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *