आजमगढ़: 50 मुकदमों वाला शातिर चोर मुठभेड़ में घायल, गैंग लीडर सुनील गिरफ्तार; 20 लाख का माल बरामद

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद की तरवां पुलिस ने अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पहले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर करीब 20 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया। इसके बाद 19 नवंबर की भोर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंग के सरगना सुनील कुमार को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। घायल सरगना को उपचार के लिए पीएचसी तरवां भेजा गया है।पुलिस ने बताया की गिरफ्तार गैंग लीडर सुनील कुमार के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 50 मुकदमे दर्ज हैं।एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में एएसपी सिटी मानुष पारीक और क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में तरवां पुलिस चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए लगातार अभियान चला रही थी। इसी क्रम में 18 नवंबर की रात पुलिस ने लमिया मोड़ के पास चेकिंग के दौरान सफेद रंग की डस्टर कार को घेराबंदी कर रोक लिया। कार में सवार राहुल कुमार निवासी मेहनगर, आजमगढ़ और नितेश निवासी बहरियाबाद, गाजीपुर को गिरफ्तार किया गया। कार की तलाशी में चोरी के टायर, पेंट के डिब्बे, मशीन और अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी सुनील कुमार और अभिषेक सिंह के साथ मिलकर आजमगढ़, जौनपुर और गाजीपुर में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर रोशनपुर जंगल में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान भी बरामद किया गया।इसके बाद 19 नवंबर की भोर में तरवां पुलिस फद्दूपुर तिराहे से आगे दर्रोपुर मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सैदपुर की तरफ से चोरी की अपाची मोटरसाइकिल पर आ रहे सुनील कुमार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार भागने के दौरान गिर पड़ा और उठते ही पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने गिरोह के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डस्टर कार, कुल चार मोटरसाइकिल, पेंट के 42 डिब्बे, मोबिल ऑयल के 84 डिब्बे, मोटरसाइकिल के 15 टायर, बैटरी, इन्वर्टर, सोलर पैनल, लैपटॉप, एलईडी टीवी, प्रिंटर, प्रेशर मशीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक व हार्डवेयर का सामान बरामद किया है।पुलिस ने बताया की गिरोह ने तरवां, देवगांव, केराकत और गाजीपुर के दुल्लहपुर समेत कई थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। गिरोह का एक अन्य सदस्य अभिषेक सिंह निवासी गौराबादशाहपुर, जौनपुर अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *