

आजमगढ़ में मीडिया बंधुओं की कराई गई ऑनलाइन स्व-गणना, 30 नवंबर तक घर बैठे पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी
1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, जनगणना-2027 को जनआंदोलन बनाने की तैयारी
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।भारत की जनगणना-2027 को लेकर आजमगढ़ में जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित स्व-गणना कार्यशाला में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रवीन्द्र कुमार ने जनपदवासियों से स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। इस दौरान उपस्थित मीडिया बंधुओं की ऑनलाइन स्व-गणना कराकर उन्हें पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई, ताकि वे आम जनता को भी इसके प्रति जागरूक कर सकें।जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के विकास की योजनाओं के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें प्रत्येक परिवार और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान कोई भी परिवार का सदस्य मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर अपनी पारिवारिक जानकारी दर्ज कर सकता है।स्व-गणना के लिए मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी आधारित लॉगिन की सुविधा दी गई है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाली SE ID को सुरक्षित रखना अनिवार्य है, क्योंकि 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर पहुंचने वाले प्रगणक दल को यह आईडी उपलब्ध करानी होगी। इस दौरान प्रगणक परिवारों से लगभग 40 निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर डिजिटल रूप से दर्ज करेंगे। इसके बाद 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण कार्य किया जाएगा।डीएम ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। इसके लिए किसी भी प्रकार के दस्तावेज या प्रमाण-पत्र की मांग नहीं की जाती है। इसलिए नागरिक बिना किसी संकोच के सही और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं।उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों, कार्यालयाध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों को निर्देश दिया कि दिवसवार निर्धारित थीम के अनुसार व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, जिससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक स्व-गणना का संदेश पहुंच सके।जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देश पर 16 से 29 नवंबर तक अलग-अलग वर्गों को जोड़ने के लिए विशेष थीम निर्धारित की गई है। इसमें प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि, स्थानीय प्रशासन एवं ग्रामीण विकास, युवा एवं मीडिया, शहरी समूह, न्यायपालिका, पुलिस एवं वर्दीधारी बल, बैंक एवं वित्तीय संस्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग एवं परिवहन, महिला एवं स्वयं सहायता समूह, डिजिटल सहायता केंद्र, ऑनलाइन कार्य करने वाले नागरिक और LGBTQ समुदाय को शामिल किया गया है।स्व-गणना के प्रचार-प्रसार के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों, बैंकों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड, अस्पतालों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और सार्वजनिक स्थलों पर बैनर एवं प्रचार सामग्री लगाई जाएगी। वहीं नगर निकायों और ग्राम पंचायतों के माध्यम से मुनादी, प्रचार वाहनों और अन्य संचार माध्यमों से लोगों को जागरूक किया जाएगा। कॉमन सर्विस सेंटर, पंचायत भवन और शहरी वार्ड कार्यालयों में सहायता केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे।जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए सभी विभागों और नागरिकों का सामूहिक प्रयास जरूरी है। अधिक से अधिक परिवार डिजिटल सुविधा का लाभ उठाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी स्व-गणना पूरी करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी राजीव कुमार शुक्ला ने भी मीडिया बंधुओं और जनपदवासियों से स्व-गणना में सहभागिता की अपील की। उन्होंने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से अपने निर्धारित क्षेत्रों में नागरिकों को आवश्यक जानकारी और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने को कहा।कार्यशाला में जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, जनगणना प्रभारी आकाश राय सहित प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
