इंस्टाग्राम शॉपिंग के नाम पर देशभर में ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम के जरिए ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो शातिर आरोपियों—अवन राजभर (22) और प्रियांशू यादव (19) को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंस्टाग्राम पर “Ganga Hills” और “Velside Clothing” जैसे नामों से फर्जी शॉपिंग पेज बनाकर लोगों को सस्ते दाम में सामान देने का लालच देते थे। इसके बाद व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर ग्राहकों से क्यूआर कोड के माध्यम से एडवांस भुगतान कराते थे। पैसा मिलने के बाद या तो सामान नहीं भेजते थे या बेहद घटिया क्वालिटी का पार्सल भेजकर ग्राहकों को ब्लॉक कर देते थे।इस मामले का खुलासा तब हुआ जब गुजरात के अहमदाबाद की एक युवती ने 9 मार्च 2026 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को 13 बैंक खातों के जरिए चल रहे इस फ्रॉड नेटवर्क की जानकारी मिली, जिन पर देश के विभिन्न राज्यों से कुल 27 शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 मोबाइल फोन, 13 बैंक पासबुक, 5 एटीएम कार्ड, 9 सिम कार्ड, 30 डमी पार्सल पैकेट और पैकेजिंग सामग्री बरामद की है। मोबाइल की जांच में फर्जी आईडी और लेन-देन से जुड़े अहम डिजिटल सबूत भी मिले हैं।फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान शॉपिंग पेज पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें और बिना पुष्टि किए किसी भी क्यूआर कोड से भुगतान न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *