दीप एकेडमिक हाइट्स का प्रथम वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, विद्यार्थियों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। दीप एकेडमिक हाइट्स का प्रथम वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, विद्यार्थियों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग।क्षेत्र के गनपतपुर स्थित दीप एकेडमिक हाइट्स विद्यालय में शुक्रवार की शाम विद्यालय का प्रथम वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास, गरिमा और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मक कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन कर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इसके बाद महान नाटककार विलियम शेक्सपियर की प्रसिद्ध रचना हैमलेट का विद्यार्थियों द्वारा प्रभावशाली मंचन किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। विद्यालय के नन्हे प्ले-ग्रुप के बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत शिव तांडव रहा, जिसमें बच्चों ने भगवान शिव के विभिन्न रूपों को सजीव करते हुए कला, अनुशासन और भक्ति का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत किया। समापन पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत हनुमान चालीसा ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया और दर्शक भाव-विभोर हो उठे।किंडरगार्टन के नन्हे विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने भी सभी का दिल जीत लिया। उनके आत्मविश्वास और मंच संचालन ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी प्रतिभा में किसी से कम नहीं हैं। पूरे आयोजन में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों की मेहनत साफ झलकती रही।इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन शंकर प्रसाद ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित करना और ग्रामीण-शहरी शिक्षा के अंतर को कम करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां के विद्यार्थी भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।विद्यालय के डायरेक्टर कुमार गौरव ने कहा कि अपने प्रथम वार्षिकोत्सव के माध्यम से दीप एकेडमिक हाइट्स ने यह संदेश दिया कि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर ग्रामीण प्रतिभाएं भी महानगरों के विद्यार्थियों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकती हैं। अंत में प्रिंसिपल श्रीमती रवि लता चंद्रन द्वारा अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी अभिभावकों और गणमान्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *