09 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान, डीएम ने तैयारियों के दिए निर्देश

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर खबर लखनऊ

वंदे मातरम के 150वें वर्ष को समर्पित होगा अभियान, तिरंगा रैली, कॉन्सर्ट, प्रदर्शनी और सेल्फी अभियान का होगा आयोजन

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में 09 से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को जनभागीदारी के साथ भव्य एवं प्रभावी ढंग से आयोजित करने के लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि वर्ष 2022 से शुरू हुआ हर घर तिरंगा अभियान अब राष्ट्रीय अस्मिता, देशभक्ति और गौरव का जनआंदोलन बन चुका है। इस वर्ष अभियान को ‘वंदे मातरम’ की 150वीं जयंती के स्मरणोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। अभियान के तहत सभी सरकारी एवं निजी संस्थानों, घरों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराया जाएगा तथा ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन कराया जाएगा।बैठक में बताया गया कि अभियान के अंतर्गत जनपद में तिरंगा रैली, तिरंगा कॉन्सर्ट, स्वतंत्रता दिवस समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा, रंगोली, कलाकृतियां और व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों, कॉलेजों, स्वयं सहायता समूहों, सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।इसके साथ ही लोगों को तिरंगे के साथ सेल्फी और ‘वंदे मातरम’ गायन का वीडियो हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सभी विद्यालयों में विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे ताकि विद्यार्थी अभियान से जुड़ सकें।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा झंडा संहिता के नियमों के अनुसार नागरिकों को तिरंगा फहराने की सही विधि की जानकारी दी जाए। उन्होंने सभी विभागों से सोशल मीडिया और आधिकारिक वेबसाइटों के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, एडीएम (वि/रा) गंभीर सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय सिंह, उपायुक्त रोजगार डॉ. आराधना त्रिपाठी, डीआईओएस अजय कुमार, संस्कृति सीएम फेलो आनंद तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *