



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद जिले में पहुंचे भाजपा नेता जयनाथ सिंह का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। करतालपुर स्थित उनके कार्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें ‘झाड़मुड़ी’ खिलाकर अभिनंदन किया और खुशी का इजहार किया। इस दौरान जयनाथ सिंह अपने साथ बंगाल से लाई गई झाड़मुड़ी भी लोगों में बांटते नजर आए।मीडिया से बातचीत में जयनाथ सिंह ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर कई अहम बातें कहीं। उन्होंने बताया कि वे पिछले दो महीनों से बंगाल में रहकर चुनावी गतिविधियों में जुटे थे और पूरे देश की नजरें इस चुनाव पर टिकी थीं। उन्होंने बंगाल की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि वहां की जनता ने कथित कुशासन, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर मतदान किया।उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में टीएमसी शासन के दौरान कट मनी वसूली और अत्याचार चरम पर था, जिससे जनता त्रस्त थी। जयनाथ सिंह ने कहा कि जंगीपुर क्षेत्र में प्रभारी के रूप में रहते हुए उन्होंने वहां की स्थिति को करीब से देखा, जहां लोगों में डर का माहौल था।उन्होंने यह भी दावा किया कि बांग्लादेश सीमा से सटे क्षेत्रों में घुसपैठ की समस्या के कारण स्थानीय हिंदू समुदाय भय में जी रहा था, लेकिन इस बार उन्होंने निडर होकर मतदान किया। जयनाथ सिंह ने चुनाव आयोग की भी सराहना करते हुए कहा कि केंद्रीय बलों की सक्रियता से लोगों को सुरक्षित माहौल मिला और वे घरों से निकलकर वोट देने पहुंचे।भाजपा नेता ने कहा कि जंगीपुर जिले की सात विधानसभा सीटों में से तीन पर भाजपा की जीत ऐतिहासिक है, क्योंकि आजादी के बाद पहली बार पार्टी को वहां सफलता मिली है। उन्होंने इसे पार्टी नेतृत्व की रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया।इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल में आयुष्मान योजना लागू न होने पर भी सवाल उठाए और कहा कि इससे गरीबों को इलाज में कठिनाई हो रही है। आगे क्या कुछ कहा भाजपा नेता जयनाथ सिंह ने आइए सुनते हैं। वहीं इस कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और जीत की खुशी में मिठाई व झाड़मुड़ी बांटकर जश्न मनाया गया।
