




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित रिक्शा स्टैंड पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने सांसद के बयान को शर्मनाक बताते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की।पूर्व विधायक वंदना सिंह ने कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ भारतीयों और लोकतंत्र का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास विकास और नीतियों पर बोलने के लिए कुछ नहीं बचा है, इसलिए वह अभद्र भाषा का सहारा ले रहा है। उन्होंने कहा कि जनता सांसद के इस व्यवहार को गंभीरता से देख रही है और उन्हें अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।धरना-प्रदर्शन में संगीता आजाद, विभा बर्नवाल, बबिता जसरासरिया, ऊषा आर्या, मिथिलेश पाण्डेय, वंदना गुप्ता, रानी चौरसिया, धर्मशीला, प्रगति सिंह, रेनू मौर्या, अनीता सिंह, जूही मद्धेशिया समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
