

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में सहायक अध्यापक की नौकरी दिलाने के नाम पर ₹2.30 लाख की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बीएसए कार्यालय का कर्मचारी बनकर फर्जी पहचान पत्र दिखाने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोप है।पुलिस के अनुसार, हिलालपुर निवासी लक्ष्मन विश्वकर्मा ने 30 सितंबर को मेहनाजपुर थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि बेला कलीचपुर निवासी हरिश्चन्द्र उर्फ हरिचरन राम ने खुद को बीएसए कार्यालय आजमगढ़ का कर्मचारी बताया और फर्जी परिचय पत्र दिखाकर सहायक अध्यापक की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके एवज में उसने पीड़ित से ₹2.30 लाख नगद ले लिए।कुछ दिन बाद आरोपी ने पीड़ित को नियुक्ति पत्र दिया। पीड़ित जब नियुक्ति पत्र लेकर ज्वाइनिंग करने पहुंचा तो उसके फर्जी होने की जानकारी हुई। रुपये वापस मांगने पर आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करता रहा।शिकायत के आधार पर मेहनाजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 30 सितंबर को करीब 2:10 बजे मानिकपुर मोड़ से हरिश्चन्द्र उर्फ हरिचरन राम को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बीएसए कार्यालय आजमगढ़ का फर्जी परिचय पत्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की फर्जी मुहर, आधार कार्ड, मोबाइल फोन और ₹10 हजार नकद बरामद किया है।गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 58 वर्ष बताई गई है। उसके खिलाफ थाना मेहनाजपुर में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी लालगंज के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
