

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गहजी में 22 सितंबर को हुई सनसनीखेज घटना को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही “ठाकुर बनाम ब्राह्मण” की पोस्ट को आजमगढ़ पुलिस ने भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। पुलिस के मुताबिक अब तक की जांच में घटना के पीछे किसी जातिगत विवाद का तथ्य सामने नहीं आया है।पुलिस के अनुसार घटना घर में चल रहे पूजा-पाठ के चौथे दिन उत्पन्न विवाद के बाद हुई। आरोप है कि अरविंद सिंह ने अपनी पत्नी और पूजा कराने आए दो पुरोहितों पर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक पत्नी ने दोनों पुरोहितों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन फायरिंग में पत्नी समेत दोनों पुरोहितों की मौके पर ही मौत हो गई।इसके बाद अरविंद अपने तीन बच्चों के साथ घर के एक कमरे में बंद हो गया। पुलिस करीब सात घंटे तक दरवाजा खोलने और उसे समझाने का प्रयास करती रही। इसी दौरान अरविंद ने अपने एक बच्चे शौर्य को गोली मार दी। बच्चों की जान बचाने के लिए पुलिस कार्रवाई में अरविंद घायल हुआ। उसे और बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी भी मृत्यु हो गई।पुलिस जांच में जातिगत विवाद का तथ्य नहींआजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया कि अब तक की जांच और परिवारजनों के बयानों में अभियुक्त को छोड़कर संबंधित तीनों परिवारों के बीच किसी जातिगत विवाद या पूर्व शिकायत की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद भी तीनों परिवार एक-दूसरे के दुख में शामिल होकर मानवीय संवेदना और आपसी सौहार्द का परिचय दे रहे हैं।पुलिस के मुताबिक गांव और आसपास के लोगों तथा तीनों परिवारों के रिश्तेदारों ने भी परिवारों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध होने की बात कही है।भ्रामक पोस्ट करने वाले X अकाउंट पर मुकदमाघटना को जातिगत संघर्ष के रूप में पेश करने वाली सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पुलिस ने थाना अहरौला में मु0अ0सं0 330/2026 दर्ज किया है। संबंधित X अकाउंट के विरुद्ध धारा 353(1)(ग) बीएनएस और 66(C) आईटी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने कहा कि घटना से संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और पोस्ट की निगरानी की जा रही है। जाति या वर्ग के आधार पर नफरत और तनाव फैलाने वाली भ्रामक अथवा भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।आजमगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शंभूपुर घटना से जुड़ी अपुष्ट सोशल मीडिया पोस्ट और दावों पर विश्वास न करें तथा केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर भरोसा करें।
