

कहा जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री मथुरा दौरे को राजनीतिक चश्मे से देखना उचित नहीं है
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। दुर्वासा धाम में भाजपा के प्रदेश के मंत्री सहजानंद राय के पिता स्वर्गीय आद्या प्रसाद राय की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी पहुंचे। उन्होंने स्वर्गीय आद्या प्रसाद राय को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।इस दौरान मीडिया से बातचीत में पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव हताशा में हैं और इसी हताशा के चलते इस तरह के वीडियो जारी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि AI के माध्यम से तैयार वीडियो जारी कर अखिलेश यादव ने केवल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ही नहीं, बल्कि पूरे साधु-संत समाज का अपमान किया है।उन्होंने कहा कि इस तरह के कृत्य का खामियाजा अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी को भुगतना पड़ेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष को मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए, लेकिन वह लगातार सनातन और साधु-संतों को लेकर विवाद खड़ा करने का प्रयास कर रहा है।काशी, अयोध्या और मथुरा हमारी आस्था के केंद्रमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मथुरा दौरे और समाजवादी पार्टी की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि काशी विश्वनाथ, अयोध्या और मथुरा देश और प्रदेश के करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले भी जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा जाते रहे हैं। ऐसे में उनके मथुरा जाने को राजनीतिक चश्मे से देखना उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का धार्मिक स्थलों पर जाना कोई नई बात नहीं है। मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि है और वहां जन्माष्टमी के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होना आस्था का विषय है।‘सनातन के खिलाफ काम करते रहे विपक्षी दल’भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, विपक्षी दलों ने हमेशा सनातन धर्म के खिलाफ काम किया है। उन्होंने दावा किया कि यही वजह है कि जनता ने ऐसे दलों को सत्ता से बाहर कर दिया है।पंकज चौधरी ने कहा कि देश की जनता सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था का सम्मान करती है। जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर अपने मत के माध्यम से जवाब भी देती है।इससे पहले दुर्वासा धाम पहुंचने पर उन्होंने स्वर्गीय आद्या प्रसाद राय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही।
