

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रोडवेज बस में जानबूझकर पिकअप से टक्कर मारने के मामले में पवई पुलिस ने आरोपी चालक संतोष राजभर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक 28 अगस्त की रात किलोमीटर संख्या 191 के पास हुई इस भीषण टक्कर में रोडवेज बस चालक रजनीकान्त यादव और एक महिला यात्री की मौत हो गई थी, जबकि कई यात्री घायल हुए थे।पुलिस के अनुसार पिकअप चालक संतोष राजभर निवासी करीमुद्दीनपुर, गाजीपुर घटना के बाद घायल हो गया था। इलाज के दौरान वह पुलिस से बचने के लिए गाजीपुर चला गया और वहां अस्पताल में भर्ती हो गया। पुलिस की पतारसी-सुरागरसी के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए पीजीआई जहानागंज, आजमगढ़ रेफर कराया गया, जहां 1 सितंबर की शाम 7:45 बजे उसे पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया।पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि रास्ते में रोडवेज बस के चालक, परिचालक और यात्रियों द्वारा उसे उल्टा-सीधा कहे जाने से वह नाराज था। गुस्से में उसने पिकअप से बस को जान से मारने की नीयत से जानबूझकर टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पिलर से जा टकराई।मामले में थाना पवई पर मुकदमा संख्या 207/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पिकअप चालक संतोष राजभर का नाम सामने आया।पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, कांस्टेबल राबिन सिंह, शैलेन्द्र कुमार और पुष्कर सिंह शामिल रहे। आरोपी का चालान न्यायालय किया जा रहा है।
