
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को विशेष बहुउपयोगी प्रचार वाहन रवाना किया गया। यह वाहन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आजमगढ़ की ओर से संचालित किया जा रहा है।प्राधिकरण की सचिव नितिका राजन ने बताया कि यह वाहन मा0 जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष जय प्रकाश पाण्डेय के निर्देश पर तथा उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ से प्राप्त हुआ है। इसे जनपद के दूर-दराज क्षेत्रों में विधिक जागरूकता फैलाने के लिए प्रातः 10 बजे रवाना किया गया।उन्होंने बताया कि प्रचार वाहन के माध्यम से ग्रामीण और वंचित वर्ग के लोगों तक जागरूकता शिविर आयोजित कर उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी पहुंचाई जाएगी। साथ ही लोगों को लोक अदालत, मध्यस्थता अभियान, निःशुल्क विधिक सेवा तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।सचिव ने बताया कि यह प्रचार वाहन 22 फरवरी को जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाले मेगा विधिक जागरूकता शिविर के प्रचार-प्रसार के लिए चलाया जा रहा है। इस शिविर में पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे संबंधित विभागों में आवेदन देकर 22 फरवरी को आयोजित मेगा शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
