राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने जिला महिला अस्पताल का किया आकस्मिक निरीक्षण

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने आज जिला महिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उपाध्यक्ष द्वारा ओपीडी कक्ष, गायनोकोलॉजी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, जनरल वार्ड, सर्जिकल वार्ड, पैथोलॉजी लैब आदि का निरीक्षण किया गया। उपाध्यक्ष ने जनरल वार्ड एवं सर्जिकल वार्ड में भर्ती महिलाओं से उनका हाल चाल एवं खाने-पीने, दवाओं की उपलब्धता आदि के सम्बन्ध में जानकारी लिया। उन्होने निर्देश दिया कि मरीजों को सभी दवाएं अस्पताल परिसर से ही दी जाय। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि सभी प्रकार की ब्लड जांच, अल्ट्रासाउण्ड आदि अस्पताल में ही सुनिश्चित करायी जाए। उन्होने सीएमएस को निर्देश दिया कि समस्त चिकित्सकों के साथ बैठक कर निर्देशित किया जाए कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बाहर की दवाएं कदापि न लिखें। उन्होने कहा कि सरकार की मंशा है कि गरीब व्यक्तियों को सरकारी अस्पतालों से निःशुल्क दवाएं एवं ईलाज प्राप्त हो। उन्होने कहा कि अस्पताल में सभी प्रकार की आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होने कहा कि अस्पताल परिसर में कई जगह बोर्ड लगवाया जाए, जिसमें लिखा जाए कि सभी प्रकार की दवाएं एवं जांच अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध है। इसके साथ ही उपाध्यक्ष ने चिकित्सक उपस्थिति पंजिका, फीडबैक रजिस्टर, ओपीडी रजिस्टर आदि का अवलोकन किया। अध्यक्ष ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलायी जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाए तथा उसका लाभ भी दिलाया जाए। उन्होने कहा कि जिस भी बच्चे का जन्म अस्पताल में होता है, उनको योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होने कहा कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दिया जाए।जिला महिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान मा0 अध्यक्ष को अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजन मिली। उन्होने निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान जो भी थोड़ी बहुत कमियां पायी गयी हैं, उसको जल्द से जल्द दूर किया जाए।निरीक्षण के दौरान सीएमएस जिला महिला अस्पताल आजमगढ़ श्री विनय कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री सुबोध सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जिला महिला अस्पताल के चिकित्सक आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *