

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। थाना कोतवाली परिसर स्थित परिवार परामर्श प्रकोष्ठ/‘नई किरण’ में शुक्रवार को आयोजित बैठक में पारिवारिक विवाद से जुड़े एक मामले का सफल समाधान कराया गया। दोनों पक्षों को नोटिस और दूरभाष के माध्यम से बुलाकर काउंसलिंग की गई, जिसके बाद आपसी सहमति से समझौता हो गया।मामले में आवेदिका खुशबू कुरैशी उर्फ जीनत ने पति व ससुराल पक्ष पर कम दहेज लाने को लेकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने तथा स्त्रीधन छीनकर घर से निकालने का आरोप लगाया था। परिवार परामर्श प्रकोष्ठ की टीम ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर उनके बीच चल रहे विवाद का समाधान कराया।बैठक में एक प्रकरण में समझौता कराया गया। पुलिस के अनुसार, ‘नई किरण’ परियोजना का उद्देश्य आपसी संवाद और समझौते के जरिए बिखरते परिवारों को फिर से जोड़ना तथा परिवारों में सौहार्द और विश्वास कायम करना है।
