जमीन बंटवारे के तीन दिन बाद बुजुर्ग दंपत्ति की संदिग्ध मौत, पुत्री ने लगाया हत्या का आरोप

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोमाडीह हरिजन बस्ती में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक बुजुर्ग दंपत्ति का शव उनके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। मृतकों की पहचान श्यामलाल (80) और उनकी पत्नी बसंता देवी (70) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि श्यामलाल के चार पुत्र और एक पुत्री हैं तथा सभी की शादी हो चुकी है। परिवार की पुत्री के अनुसार तीन दिन पहले ही बुजुर्ग दंपत्ति ने अपनी जमीन का बंटवारा परिवार के सभी सदस्यों के बीच किया था।
आरोप है कि बंटवारे के अगले दिन बड़े पुत्र और उसकी पत्नी का बुजुर्ग दंपत्ति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शुक्रवार रात दोनों पति-पत्नी भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। शनिवार सुबह जब छोटी बहू उन्हें जगाने पहुंची तो दोनों मृत अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
मृतक दंपत्ति की पुत्री ने अपनी बड़ी भाभी पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गंभीरपुर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि परिजनों की ओर से जहर देकर हत्या का आरोप लगाया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *