प्रेमिका संग पहुंची पुलिस तो शादी में मचा बवाल, बरातियों ने किया पथराव, सिंदूरदान के बाद दूल्हा-दुल्हन फरार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता, आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पटवध कौतुक हरिजन बस्ती में शुक्रवार की रात एक शादी समारोह उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब जयमाल के दौरान एक युवती डायल 112 पुलिस के साथ पहुंच गई और दूल्हे पर प्रेम संबंध होने का दावा करते हुए शादी रुकवा दी। देखते ही देखते शादी समारोह में हंगामा, मारपीट, पथराव और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। मिली जानकारी के अनुसार पटवध कौतुक हरिजन बस्ती निवासी गुद्दुर पुत्र स्वर्गीय शिव की पुत्री की शादी गढ़वल गांव थाना मुबारकपुर निवासी बृजेश कुमार पुत्र गुदरी के साथ तय थी। शुक्रवार शाम बारात धूमधाम से पहुंची और द्वारपूजा समेत कई वैवाहिक रस्में चल रही थीं। पूरा परिवार खुशी के माहौल में शादी समारोह में शामिल था। इसी बीच थाना रौनापार क्षेत्र के बगही गांव की एक युवती डायल 112 पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गई। युवती ने दावा किया कि उसका दूल्हे बृजेश के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध है और शादी उसी से होनी चाहिए। युवती के आरोप लगाते ही दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो उठा।
ग्रामीणों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर कुछ बरातियों ने पुलिस और युवती पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हालात बिगड़ते देख डायल 112 पुलिस किसी तरह युवती को वहां से निकालकर बाहर ले गई और घटना की सूचना बिलरियागंज थाने को दी गई।
सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक दूल्हा पक्ष वहां से फरार हो चुका था। बताया जा रहा है कि सिंदूरदान की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हा-दुल्हन को लेकर बाराती मौके से निकल गए। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। लड़की पक्ष का आरोप है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले ही दोनों की शादी तय हो चुकी थी और दोनों ने कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। दूल्हा विदेश में नौकरी करता है और छुट्टी लेकर शादी के लिए घर आया था। परिवार का यह भी कहना है कि तीन दिन पहले वही युवती उनके घर पहुंची थी और शादी रुकवाने की धमकी देकर गई थी, जिसकी जानकारी लड़के पक्ष को भी दी गई थी। घटना के बाद शादी का खुशियों भरा माहौल मातम में बदल गया। लड़की पक्ष को खाने-पीने, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं में भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। वहीं सदमे में एक महिला और एक युवती की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए डॉक्टर के यहां ले जाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इलाके में इस हाईवोल्टेज शादी कांड की चर्चा जोरों पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *