आजमगढ़: गोकशी मामले में पुलिस मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर गोतस्कर घायल गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोकशी की घटना में वांछित एक हिस्ट्रीशीटर गोतस्कर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार 22/23 मई की रात करीब 2:20 बजे कप्तानगंज पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि 12 मई को ग्राम कुशमहरा स्थित CHC छितुवा के पीछे प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने के मामले में शामिल दो बदमाश बाइक से धरौली मोड़ कूड़ा घर की तरफ आ रहे हैं और फिर से गोकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जय प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने दोबारा फायरिंग का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान आरिफ उर्फ फुसी पुत्र यूनुस निवासी सारैन थाना अहरौला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर एक्ट का आरोपी है। वहीं उसका साथी आजाद पुत्र फिरोज निवासी मेहियापार थाना अहरौला मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
मौके से पुलिस ने एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर प्रतिबंधित पशुओं को पकड़कर सुनसान स्थानों पर ले जाकर उनका वध करता था और मांस की बिक्री करता था। पुलिस की निगरानी से बचने के लिए गिरोह लगातार स्थान बदलता रहता था। इस मामले में कप्तानगंज थाने में गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *