

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अग्निवीर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो युवकों से पांच लाख रुपये की ठगी करने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने के मामले में वांछित गैंगलीडर को अतरौलिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार, अतरौलिया थाना क्षेत्र के चनैता निवासी आशीष यादव और हैदरपुर निवासी जयप्रकाश यादव ने 25 मार्च 2026 को अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि तेजापुर निवासी मनोज यादव पुत्र बाबूराम यादव और पिंटू यादव उर्फ कृष्णा ने अग्निवीर में नौकरी दिलाने के नाम पर दोनों से ऑनलाइन माध्यम से ढाई-ढाई लाख रुपये लिए थे। इसके बदले उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिए गए। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के बाद आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया। आरोपियों की संगठित आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए जिलाधिकारी ने 10 सितंबर 2026 को गैंग चार्ट अनुमोदित किया था। इसके बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया।इसी मामले में 14 नवंबर को थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार दूबे ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर गैंगलीडर मनोज यादव को महरुपुर अंडरपास के पास से सुबह करीब 3:25 बजे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला। इसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया।गिरफ्तार मनोज यादव के खिलाफ अतरौलिया थाने में ठगी और गैंगस्टर एक्ट सहित आठ मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा अंबेडकरनगर के राजेसुल्तानपुर थाने में भी धोखाधड़ी, कूटरचना और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार दूबे, कांस्टेबल सुमित सिंह, महेश पटेल, महिला कांस्टेबल निधि मिश्रा और अंशिका सिंह शामिल रहीं।
