

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के यूनियन सुपर सैलरी अकाउंट के माध्यम से खाताधारक एवं सफाई कर्मचारी स्वर्गीय धर्मेन्द्र पुत्र स्वर्गीय हरगुन के आकस्मिक निधन के बाद उनकी पत्नी एवं नामित लाभार्थी श्रीमती राधिका को 40 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा दावा राशि का चेक प्रदान किया गया। चेक जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय, आजमगढ़ उत्तर परिसर में सौंपा।इस अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बैंक की सामाजिक सुरक्षा एवं बीमा सुविधा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं आकस्मिक परिस्थितियों में कर्मचारियों और उनके परिवारों को महत्वपूर्ण आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती हैं। उन्होंने बैंक अधिकारियों से अधिक से अधिक पात्र कर्मचारियों एवं नागरिकों को सैलरी अकाउंट और उससे जुड़ी बीमा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने का प्रयास करने को कहा।जिलाधिकारी ने जनपद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने बैंक खातों को सैलरी अकाउंट में परिवर्तित कराएं, ताकि उन्हें दुर्घटना बीमा सहित अन्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि सैलरी अकाउंट के माध्यम से पात्र खाताधारकों को अधिकतम 1.50 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर, मेडिक्लेम और अन्य लाभ प्राप्त हो सकते हैं।यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से कहा गया कि बैंक अपने ग्राहकों को वित्तीय सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक एवं वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।कार्यक्रम में जोनल हेड टी. कामेश्वर राव, मनीष कुमार, इश्तियाक अरशद, सैयद जवाहर, अभिषेक कुमार द्विवेदी, संदीप कुमार सिंह सहित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
