

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। हरिशचंद्र मिश्रा पब्लिक स्कूल (HMPS), सरायमंदराज, कार्तलपुर बाईपास में CBSE National Archery Tournament 2026 का भव्य उद्घाटन किया गया। 01 से 06 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से विद्यालयों की टीमें और प्रतिभाशाली तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि न्यूरोसर्जन डॉ. अनूप कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है। तीरंदाजी ऐसा खेल है, जो खिलाड़ियों में एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास को मजबूत करता है। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ज्योति रिछारिया ने देशभर से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि HMPS के लिए इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी गौरव का अवसर है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उद्घाटन समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस दौरान CMO डॉ. एन.आर. वर्मा, डॉ. मनीष त्रिपाठी, डॉ. रजनी त्रिपाठी, डॉ. अमीर आलम, डॉ. अहमद जमाल उस्मानी, डॉ. गायत्री, राजेंद्र प्रसाद यादव, सिराज अहमद (RSO) और नगर पालिका चेयरमैन सरफराज आलम समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न श्रेणियों में खिलाड़ी अपनी तकनीक, एकाग्रता और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। विद्यालय की ओर से खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, परिवहन, चिकित्सा और सुरक्षा समेत आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन से आजमगढ़ में खेल गतिविधियों को लेकर उत्साह का माहौल है।
