आजमगढ़ के धीरजीपुर के दो भाइयों ने रचा इतिहास, पहले ही प्रयास में NEET पास कर बढ़ाया जिले का मान

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के मेहनगर तहसील क्षेत्र के धीरजीपुर गांव के दो भाइयों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफलता हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे आजमगढ़ का नाम रोशन किया है। गांव निवासी रामसमुझ यादव और रामजनम यादव के पुत्र सिद्धांत यादव एवं सौरभ यादव ने NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर एक नई मिसाल कायम की है। दोनों भाइयों की इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है।बताया जाता है कि सिद्धांत यादव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सिंहपुर से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने सर्वोदय पब्लिक स्कूल, आजमगढ़ से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इंटर के बाद उन्होंने मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी शुरू की और पहले ही प्रयास में NEET परीक्षा पास कर शानदार सफलता हासिल की।वहीं, उनके भाई सौरभ यादव ने भी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर NEET परीक्षा में सफलता प्राप्त की। दोनों भाइयों की उपलब्धि से परिवार में उत्सव जैसा माहौल है और शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है।अपनी सफलता पर सिद्धांत यादव और सौरभ यादव ने कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता के त्याग, गुरुजनों के मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि अनुशासन, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।दो भाइयों की इस ऐतिहासिक सफलता पर क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह उपलब्धि मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *