आजमगढ़ नेताजी की पुण्यतिथि पर भावुक हुए बलराम यादव, बोले- 2027 में जनता दोहराएगी 1977 का इतिहास

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं देश के पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर शनिवार को अतरौलिया स्थित सपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री बलराम यादव समेत पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। नेताजी को याद करते हुए बलराम यादव भावुक नजर आए।बलराम यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव की स्मृतियां समाजवाद, सामाजिक समरसता और जनसेवा के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देती हैं। नेताजी ऐसे जननेता थे, जिन्होंने दशकों तक प्रदेश और देश की राजनीति को प्रभावित किया। उनके विचार और सिद्धांत हमेशा समाजवादी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते रहेंगे।2027 में सत्ता परिवर्तन का जताया भरोसाआगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बलराम यादव ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में जनता 1977 का इतिहास दोहराएगी और उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होगा। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण पूर्वांचल और बिहार के लोगों को रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे प्रदेशों में पलायन करना पड़ रहा है। उन्होंने नोटबंदी और लॉकडाउन का जिक्र करते हुए कहा कि इससे उद्योग-धंधों और रोजगार पर प्रतिकूल असर पड़ा।सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने युवाओं के रोजगार और भर्ती परीक्षाओं का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि अभ्यर्थी दूर-दराज के शहरों में परीक्षा देने जाते हैं, लेकिन पेपर लीक होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। इससे युवाओं में निराशा बढ़ती है। उन्होंने सरकार से रोजगार और परीक्षा व्यवस्था को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की।बलराम यादव ने गांवों में प्राथमिक विद्यालयों को बंद किए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो सकती है। भाजपा और आरएसएस की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए उन्होंने दावा किया कि जनता की नाराजगी का असर आगामी विधानसभा चुनाव में दिखाई देगा और भाजपा को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा।अस्पताल में करीब सौ मरीजों को बांटे फलश्रद्धांजलि सभा के बाद बलराम यादव अमर शहीद राजा जय लाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय, अतरौलिया पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती करीब सौ मरीजों को फल वितरित किए और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि सेवा और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से ही नेताजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की जा सकती है।इस अवसर पर नगर अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल, राधेश्याम यादव, रणविजय यादव, घनानंद गिरी, बलवंत यादव, राजेंद्र राम, तजम्मुल, डब्बू निषाद, जनार्दन यादव, महेंद्र, रमाकांत, केके यादव, अरविंद प्रजापति और रामहित समेत कई सपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *